देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते पांच वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करते हुए भाजपा ने अपने रिपोर्ट कार्ड में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती को सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने रखा है। सरकार का दावा है कि यूसीसी से लेकर नकल विरोधी और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक कदमों ने उत्तराखंड की सामाजिक और प्रशासनिक तस्वीर को बदला है तथा कानून आधारित सुशासन का नया मॉडल पेश किया है।
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में कानून और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई बड़े फैसले चर्चा में रहे हैं। भाजपा ने अपने रिपोर्ट कार्ड में इन फैसलों को प्रदेश में कानून आधारित सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम बताया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली जैसे निर्णयों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इनमें सबसे अहम निर्णय 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू करना रहा। उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना। इस कानून के तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर नागरिकों के लिए समान नियम निर्धारित किए गए हैं। सरकार का मानना है कि इससे कानूनी समानता और प्रशासनिक स्पष्टता को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं के भविष्य और भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता से जुड़े मुद्दे पर वर्ष 2023 में नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके तहत प्रश्नपत्र लीक करने, नकल कराने और परीक्षा संबंधी अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान है। दोषियों को आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना, अवैध संपत्ति की जब्ती और परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। सरकार इसे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की दिशा में बड़ा कदम बताती है। इसके अलावा वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून को सख्त किया गया। वहीं, वर्ष 2024 में लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम लागू कर दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने का प्रावधान किया गया। प्रदेश की जमीन और संसाधनों की रक्षा के लिए भू-कानून में भी सख्ती की गई। सरकार के रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर शेष 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी व्यक्तियों के कृषि और उद्यान भूमि खरीदने पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और धार्मिक स्थलों की आड़ में किए गए अवैध कब्जों पर कार्रवाई का दावा किया गया है। छद्मवेशधारियों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि भी इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है। इन फैसलों के जरिए सरकार ने सख्त कानून और प्रशासनिक कार्रवाई को अपनी प्रमुख पहचान के रूप में पेश किया है। हालांकि, इन कानूनों की वास्तविक सफलता उनके निष्पक्ष क्रियान्वयन, नागरिक अधिकारों के संरक्षण और आम जनता को मिलने वाले परिणामों से भी तय होगी। आने वाले समय में इन सुधारों का असर ही बताएगा कि कानून आधारित सुशासन का यह मॉडल प्रदेश की तस्वीर बदलने में कितना प्रभावी साबित होता है।

