देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में बेहतर अवस्थापना विकास और आधुनिक यात्री सुविधाओं ने धार्मिक पर्यटन को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि राज्य अब केवल मौसमी तीर्थाटन तक सीमित नहीं रहा,बल्कि एक सशक्त वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रदेश सरकार अब शीतकालीन यात्रा और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को वर्षभर गतिशील रखने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और तीर्थाटन लगातार विस्तार की ओर बढ़ रहा है। बेहतर अवस्थापना सुविधाओं, सड़कों, कॉरिडोर और तीर्थस्थलों के विकास के बीच इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सरकार इसे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते आकर्षण और सुविधाओं के विस्तार का परिणाम मान रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के विजन के अनुरूप प्रदेश सरकार अब सालभर पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रही है। चारधाम यात्रा के साथ आदि कैलाश यात्रा में भी श्रद्धालुओं की रुचि बढ़ी है। वर्ष 2026 में आदि कैलाश यात्रा के लिए 53,537 इनर लाइन परमिट जारी किए गए। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत निर्माण और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बदरीनाथ धाम में करीब 255 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने के साथ धार्मिक स्थलों के आसपास अवस्थापना विकास करना है। कुमाऊं क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों को एक सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। हरिपुर-कालसी में 7.52 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यमुना स्नान घाट 'हरिघाट' का लोकार्पण किया गया है, जबकि महासू मंदिर हनोल के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। धार्मिक पर्यटन के साथ साहसिक पर्यटन को भी नई दिशा देने की तैयारी है। पर्वतारोहण के लिए 83 प्रमुख हिमालयी चोटियों को खोलने की पहल की गई है। वहीं, 100 ट्रेकिंग मार्गों की जीपीएस और जीआईएस मैपिंग की जा रही है। प्रदेश में विवाह समारोहों के लिए नए स्थलों की पहचान भी की जा रही है। रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण प्रमुख विवाह पर्यटन स्थलों के रूप में उभरे हैं। आगामी हरिद्वार कुंभ मेला-2027 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जबकि नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही योग और प्राकृतिक चिकित्सा को प्रोत्साहन देने के लिए पहली योग नीति-2025 लागू की गई है। इसके तहत योग एवं ध्यान केंद्रों के विकास के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये की सब्सिडी और प्राकृतिक चिकित्सा संबंधी शोध के लिए 10 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को केवल चारधाम यात्रा तक सीमित न रखकर धार्मिक, साहसिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाना है। हालांकि, बढ़ते पर्यटक दबाव के बीच पर्यावरण संरक्षण, यातायात प्रबंधन और स्थानीय लोगों की सुविधाओं का संतुलन बनाए रखना भी बड़ी चुनौती होगी।

