हरिद्वार। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज देवभूमि के दौरे पर हैं। आज वह हरिद्वार में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में दक्षिण एशियाई देश शांति एवं सुलह संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इससे पूर्व वह आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पहुंचने पर राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। बताया जा रहा हे कि इस संस्थान के निर्माण का उद्देश्य दक्षिण एशियाई देशों के बीच आपसी सद्भावए समन्वय में और बेहतर संबंध स्थापित बनाए रखना है। जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति यहां करीब तीन से चार घंटा रहने के बाद वापस चले जाएंगे। इस मौके पर वह एशिया के प्रथम बाल्टिक सेंटर का भी निरीक्षण करेंगे। वहीं देव संस्कृति विश्वविद्यालय विवि की ओर से संचालित विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन करेंगे। उधर उपराष्ट्रपति के हरिद्वार आगमन को लेकर पुलिस अलर्ट है। पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि वीवीआइपी ड्यूटी के लिए निर्धारित समय से तीन घंटे पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचे। ड्यूटी स्थल व उसके आसपास के स्थान को भली-भांति चेक कर लें।