देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रमुख राजनीतिक पार्टियां कांग्रेस और भाजपा उत्तराखण्ड में अलग-अलग रैलियां कर वोटरों को रिझाने में लगे हुए हैं। जहां भाजपा पूरे प्रदेश में विजय संकल्प यात्रा निकाल रही है तो वहीं कांग्रेस द्वारा किसान सम्मान रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस द्वारा डीडीहाट और पिथौरागढ़ में रैली निकाली गयी। झौलखेत मैदान में आयोजित इस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं किसान का बेटा हूं। मेरी मां किसान थी जो हल भी जुतवाती थी और खेत गोड़कर काम भी कराती थीं। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जिले में कांग्रेस काल में पूर्व विधायक मयूख महर ने कई काम कराए। पिथौरागढ़ में सबसे अधिक सड़कें बनीं। कांग्रेस शासन काल के कामों को भाजपा आगे नहीं बढ़ा पाई। वहीं रैली में दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने पूर्व विधायक महर की सराहना की। कहा कि महर के दिल में पिथौरागढ़ बसता है। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने पांच साल पहले किसानों का कर्ज माफ करने, महंगाई कम करने, रोजगार देने की बात कही थी लेकिन वादे सरकार ने पूरे नहीं किए। उल्टा महंगाई को बढ़ा दिया। केंद्र सरकार देश बेचने का काम कर रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। भाजपा के नेता कहते हैं कि दिल्ली से दून, दून से दिल्ली दो घंटे में जा सकते हैं लेकिन हल्द्वानी से पिथौरागढ़ सड़क मार्ग की क्या दशा है। मुख्यमंत्री लगातार कह रहे हैं, हमने रोजगार देने का काम किया है लेकिन पहाड़ का युवा पलायन करने के लिए मजबूर है। अगर उन्होंने काम किया तो श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि क्या किया।