हरिद्वार में धूमधाम से निकली रामायण शोभायात्रा श्रीश्री बालाजी धाम में दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव शुरु ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत हरिद्वार। श्री श्री बालाजी धाम, सिद्धबली हनुमान, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। दो दिन तक चलने वाले कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार को पीठाधीश्वर आलोक गिरी के नेतृत्व में रामायण शोभायात्रा निकली गई। जिसमें संत महंतों के साथ रानीपुर विधायक आदेश चौहान और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया। शोभा यात्रा के समापन के साथ ही अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हो गया है।
हरिद्वार में शुक्रवार को निकाली गई शोभायात्रा के दौरान मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा और संतों को माला पहनाकर स्वागत किया। रामायण शोभायात्रा का आकर्षण विशालकाय हनुमान, महर्षि वाल्मीकि, डीजे पर भगवान भोलेनाथ, पार्वती का नृत्य, कलश के साथ मौजूद नंगे पांव चलते श्रद्धालु महिलाएं, अखाड़े के संतों के साथ रथ पर विराजमान अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी और जनसमूह के बीच रानीपुर विधायक आदेश चौहान की मौजूदगी रही। शोभायात्रा के समापन पर श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि सिद्धबली हनुमान मंदिर में हर वर्षों की भांति इस वर्ष भी महंत आलोक गिरी की प्रेरणा से हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाता रहा है। कहा कि हनुमान को जीवित देवता का दर्जा दिया गया है जो भक्तों के संकट में स्वयं उपस्थित होकर समाधान करते हैं। हनुमान की साधना करने वाले व्यक्ति का कभी अहित नहीं हो सकता। भूत प्रेत रोग शोक जैसी तमाम व्याधियां हनुमान के नाम से ही दूर भागती है। कष्टों से निवारण का सर्वश्रेष्ठ उपाय हनुमान की आराधना है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि संतों की सत्संग से ही मनुष्य में अच्छे विचारों का उद्भव होता है। संत साधक होते हैं और अपनी साधना से जगत के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इसलिए संतों के प्रति सदैव आधार का भाव रखना चाहिए। महंत आलोक गिरी ने कहा कि हनुमत कृपा और उनके भक्तों के सहयोग से ही ही आयोजन संभव हो सका है। इस मौके पर महंत केदार गिरी, स्वामी नरेश गिरी, स्वामी नीरज गिरी, स्वामी राम कुमार गिरी, स्वामी कुलदीप गिरी, आनंद भैरव के पुजारी, सागर गिरी, मनकामेश्वर गिरी, पार्षद नागेंद्र राणा, पार्षद विकास कुमार, शशि शर्मा, विनय मिश्रा, विकास कुमार झा, ओमपाल, सुशील धीमान, संदीप प्रधान, विष्णु देव, कामेश्वर यादव, राम सागर जायसवाल, राहुल शर्मा, अनिल मिश्रा, प्रदीप चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।