यह पहला अवसर है जब चारधाम यात्रा में तीर्थ यात्रियों का हुजूम उमड़ा है। 2023 की चारधाम यात्रा ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। खासकर इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी तीर्थयात्रियों की संख्या का नया रिकॉर्ड बना है।
गंगोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या का आंकड़ा नौ लाख के पार पहुंच गया है, जबकि यमुनोत्री धाम में 7.33 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं। इससे तीर्थ पुरोहितों सहित चारधाम यात्रा से जुड़े व्यापारी और व्यवसायी काफी खुश हैं। गंगोत्री धाम के कपाट 14 नवंबर और यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या और अधिक बढ़ सकती है। इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुले थे, जिसके बाद चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ी। वर्षा काल के दौरान राजमार्ग अवरुद्ध रहने के दौरान कुछ दिन तीर्थ यात्रा बाधित हुई। परंतु वर्षा काल के बाद चारधाम यात्रा फिर पटरी पर लौटी और तीर्थयात्रियों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या के पुराने सारे रिकॉर्ड टूटे हैं। इससे पहले 2022 में गंगोत्री धाम में इस सीजन में 6.24 लाख व यमुनोत्री धाम में 4.85 लाख तीर्थयात्री पहुंचे।
यात्रियों की स्थिति
वर्ष – गंगोत्री – यमुनोत्री
2023 – 900921 – 733076
2022 – 624451 – 485635
2019 – 530097 – 466699
2018 – 477975 – 393943
2017 – 410642 – 397100
2016 – 287679 – 160563
2015 – 160701 – 123260
2014 – 59704 – 38244
2013 – 206456 – 238140