उत्तराखंड चुनाव अपडेट: भाजपा का कीर्तन-नवरात्र प्लान तैयार, महिला मतदाताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने का बड़ा निर्देश

Blog
 Image

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नया रणनीतिक प्लान तैयार किया है। संगठन ने ‘कीर्तन-नवरात्र प्लान’ के जरिए प्रदेश भर में महिलाओं तक पहुंच बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी पार्टी के महिला मोर्चा को सौंपी गई है, जो मंडल स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के साथ संवाद स्थापित करेगा। राजनीतिक दृष्टि से महिला मतदाताओं की अहम भूमिका को देखते हुए पार्टी ने यह पहल की है। निर्वाचन आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में जनवरी तक कुल 84,29,459 मतदाताओं में से 40,64,488 महिला मतदाता हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी महिला मतदाताओं का समर्थन भाजपा की बड़ी जीत में महत्वपूर्ण कारक माना गया था। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के बीच अपनी मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है।

पार्टी की योजना के अनुसार मंडल स्तर तक कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला मोर्चा सक्रिय रूप से भाग लेगा। इन कार्यक्रमों में महिलाएं धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जुड़ेंगी। साथ ही सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी महिलाओं तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी का मानना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के साथ संवाद स्थापित करना अधिक प्रभावी रहेगा। कीर्तन कार्यक्रमों के अलावा नवरात्र के अवसर पर भी विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। नवरात्र के प्रत्येक दिन अलग-अलग सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इन कार्यक्रमों के जरिए महिला मोर्चा कार्यकर्ता सीधे महिलाओं के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे और उनसे संवाद करेंगे। इसके साथ ही भाजपा हरियाली तीज के पर्व को भी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी की योजना है कि इस त्योहार को भी महिलाओं के साथ मिलकर मनाया जाए और इसे सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाए। यह सभी कार्यक्रम मंडल स्तर तक आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंच बनाई जा सके।