देहरादून। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी धमाके में शहीद हुए आईटीबीपी जवान देवप्रयाग के ग्राम कोटी निवासी राजेन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर आज उनके गांव पहुंचा। इस दौरान हजारों नम आंखों ने उन्हें अंतिम श्रृद्धाश्रंली दी। वहीं शहीद राजेन्द्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के सोनपुर इलाके के ढ़ोगरीबेड़ी में आईईडी लगाया हुआ था, यहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए निकले आइटीबीपी के 53वीं बटालियन के जवान रूटीन गश्त कर रहे थे। इस दौरान पहले से प्लांट किए आईईडी को नक्सलियों ने ब्लास्ट कर दिया। धमाके की चपेट में आने से एएसआई राजेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं हेड कांस्टेबल महेश बुरी तरह से जख्मी है। फिलहाल अस्पताल में उनका चल रहा है। आज जैसे ही शहीद राजेन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचा तो लोगों ने जबतक सूरज चांद रहेगा राजेन्द्र तेरा नाम रहेगा के नारे लगाए। इस दौरान राजेन्द्र सिंह अमर रहे के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।