हरिद्वार। खेत से लौट रहे युवक को कुछ दबंगों ने बीच रास्ते में रोककर गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी युवक की बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और घायल युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा हैं। वहीं इस मामले में पुलिस ने छह नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लक्सर के वार्ड संख्या नौ निवासी बादल रात को कुंआखेड़ा गांव की ओर खेत में काम करने के बाद बाइक से घर वापस लौट रहा था। इस दौरान जब वह राजकीय महाविद्यालय के निकट पहुंचा तभी उसे गोली मार दी गई। गोली उसके कूल्हे के ऊपर लगी। बादल के फोन पर जानकारी देने के बाद उसके स्वजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल युवक को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल लाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल देहरादून के अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। बादल के भाई आकाश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बादल जब खेत से वापस लौट रहा था तो डिग्री कालेज के निकट आरोपित रोमित उर्फ बिल्ला व रोहित निवासी खानपुर, उज्ज्वल निवासी गोवर्धनपुर, विशाल उर्फ काली सौरभ उर्फ गंगू व अनुज निवासीगण ग्राम खेड़ी तथा दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया। आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उनके पास लाठी-डंडे और तमंचे देख बादल ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपित रोमित उर्फ बिल्ला ने पीछे से उसे जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। कूल्हे के ऊपर गोली लगने से वह घायल होकर वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपित उसकी बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए। उसके भाई ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।