पारदर्शी सरकारी भर्ती से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में बढ़ा नया आत्मविश्वास

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं के सपनों को नई उड़ान देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में एक भव्य समारोह के दौरान 483 नव-चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इन नियुक्तियों में सिंचाई विभाग के 473 और कृषि विभाग के 10 पद शामिल हैं। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे और पूरा सदन 'विकसित उत्तराखंड' के संकल्प से गूंज उठा। समारोह की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री और मेजर जनरल (सेनि) भुवन चंद्र खंडूड़ी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी ने एक ऐसे पारदर्शी उत्तराखंड का सपना देखा था, जहाँ युवाओं की पहचान उनकी सिफारिश से नहीं बल्कि प्रतिभा से हो। आज का दिन उसी सपने के सच होने का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा, "यह नियुक्ति पत्र केवल एक कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि आपकी वर्षों की लगन, ईमानदारी और आपके माता-पिता के संघर्ष व त्याग का प्रतिफल है।"

भर्ती परीक्षाओं में शुचिता का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त 'नकल विरोधी कानून' लागू किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम आज सबके सामने हैं। अब व्यवस्था में केवल योग्य और ईमानदार लोग आ रहे हैं। उन्होंने गर्व से साझा किया कि इस नई पारदर्शी कार्यसंस्कृति के कारण पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मचारियों को मंत्र देते हुए कहा कि कोई भी विभाग फाइलों या इमारतों से नहीं, बल्कि वहाँ काम करने वाले कर्मठ और ईमानदार लोगों से चलता है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की मजबूत होती अर्थव्यवस्था के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि राज्य की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। राज्य का बजट अब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट आई है और अब उत्तराखंड में 'रिवर्स पलायन' (वापसी) शुरू हो चुकी है। पहाड़ का युवा अब मजबूरन पलायन नहीं कर रहा, बल्कि अपनी जमीन पर उज्ज्वल संभावनाएं देख रहा है। कार्यक्रम में मौजूद सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सिंचाई विभाग सिर्फ नहरों और परियोजनाओं का विभाग नहीं है, बल्कि यह हमारे किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का सिस्टम पर भरोसा बढ़ा है। वहीं, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश का सबसे कड़ा कानून बनने के बाद केवल पात्र और मेहनती बच्चों को ही हक मिल रहा है। आज उत्तराखंड का युवा सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस गरिमामयी अवसर पर विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम और सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।